देवघर| जिले में पुलिस की सघन गश्त और दावों के बावजूद अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं। सोमवार देर रात मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमाड़ा में हथियारबंद अपराधियों ने एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और नकदी लूट ली और विरोध करने पर दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी।
हथियार के बल पर लूट और दहशत का माहौल : स्थानीय लोगों के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे दो बाइकों पर सवार चार अपराधी दुकान पर पहुंचे। दुकान में घुसते ही उन्होंने पिस्तौल तान दी और लूटपाट शुरू कर दी। अपराधियों ने दुकान से लाखों के सोने के आभूषण ढाई किलो चांदी लगभग 20 हजार रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद भागते समय अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से धमकी दी कि यदि किसी ने उनकी पहचान बताने की कोशिश की, तो उसे अंजाम भुगतना होगा।
जांच में जुटी पुलिस, CCTV का अभाव बना चुनौती : सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेंब्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिससे अपराधियों के चेहरे की पहचान में मुश्किल हो रही है। हालांकि, पुलिस इलाके के अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
जल्द खुलासे का दावा : थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि इस लूट कांड का जल्द ही खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है।

