नई दिल्ली। भारतीय टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने अपने प्रीपेड रिचार्ज पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने रोजाना 1.5 जीबी डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा देने वाले पांच लोकप्रिय प्रीपेड प्लान हटा दिए हैं। इनमें 299, 319, 579, 619 और 649 रुपये वाले प्लान शामिल हैं। इन सस्ते विकल्पों के बंद होने के बाद रोजाना डेटा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए अब शुरुआती विकल्प 349 रुपये का प्लान रह गया है, जिससे कई उपयोगकर्ताओं का मासिक मोबाइल खर्च बढ़ सकता है।
299 रुपये वाला प्लान सबसे ज्यादा लोकप्रिय
एयरटेल का 299 रुपये वाला प्रीपेड प्लान लंबे समय से बजट यूजर्स के बीच लोकप्रिय था। इसमें 28 दिनों की वैधता के साथ रोजाना 1.5 जीबी डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा मिलती थी। वहीं 319 रुपये वाले प्लान में 30 दिनों की वैधता के साथ रोजाना 1.5 जीबी डेटा दिया जाता था।
इसके अलावा 579, 619 और 649 रुपये के प्लान भी रोजाना 1.5 जीबी डेटा वाले पोर्टफोलियो का हिस्सा थे। कंपनी ने इन सभी विकल्पों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट और एयरटेल थैंक्स ऐप से हटा दिया है।
अब 349 रुपये से शुरू होगा विकल्प
1.5 जीबी डेली डेटा वाले पुराने प्लान हटाए जाने के बाद ग्राहकों के लिए रोजाना डेटा वाला शुरुआती विकल्प 349 रुपये का प्लान है। इसमें 28 दिनों की वैधता के साथ रोजाना 2 जीबी डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा दी जाती है। इसके साथ ग्राहकों को अनलिमिटेड 5जी डेटा का लाभ भी मिलता है।
299 रुपये वाले पुराने प्लान की तुलना में 349 रुपये का नया विकल्प करीब 50 रुपये महंगा है। यानी उन ग्राहकों को ज्यादा भुगतान करना होगा, जिन्हें रोजाना डेटा की सुविधा चाहिए और जो पहले बजट प्लान का इस्तेमाल करते थे।
क्यों बदले एयरटेल ने प्लान?
कंपनी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, 299 रुपये वाले प्लान का डेटा कोटा कई ग्राहक जल्दी खत्म कर देते थे और इसके बाद उन्हें अतिरिक्त डेटा के लिए टॉप-अप लेना पड़ता था। वहीं एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल पहले भी मोबाइल सेवाओं की कीमतों को लेकर कह चुके हैं कि बेहद कम कीमत पर अनलिमिटेड डेटा उपलब्ध कराना कारोबार की दृष्टि से टिकाऊ नहीं है।
कंपनी की ओर से प्लान में बदलाव को मोबाइल सेवाओं के लिए बेहतर और व्यावहारिक मूल्य संरचना की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
रिकॉर्ड मुनाफे के बीच बढ़ा खर्च
एयरटेल ने यह बदलाव ऐसे समय किया है, जब कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत बनी हुई है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 37.3 प्रतिशत बढ़कर 8,167 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं कंपनी का औसत राजस्व प्रति ग्राहक यानी एआरपीयू बढ़कर 264 रुपये पहुंच गया है।
टेलीकॉम बाजार में एयरटेल के इस बदलाव के बाद अब अन्य कंपनियों के रिचार्ज प्लान पर भी नजर है। यदि प्रतिस्पर्धी कंपनियां भी इसी तरह अपने सस्ते प्लान में बदलाव करती हैं, तो आने वाले समय में मोबाइल रिचार्ज पर ग्राहकों का खर्च और बढ़ सकता है।
