26.6 C
Kolkata
Saturday, July 25, 2026

धरना-प्रदर्शनों को लेकर सारण में हाई अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी

सारण । आगामी दिनों में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शनों और जुलूसों के मद्देनजर सारण जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी

बैठक में निर्णय लिया गया कि धरना-प्रदर्शनों और जुलूसों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर के साथ दो ड्रोन कैमरों की तैनाती की जाएगी। विधि-व्यवस्था में तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

चेकपोस्ट पर सघन जांच अभियान

प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और सरकारी आवासों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती का निर्णय लिया है। साथ ही जिले और छपरा शहर में प्रवेश करने वाले सभी चेकपोस्टों पर तत्काल प्रभाव से सघन जांच अभियान शुरू करने का निर्देश दिया गया है। जांच के दौरान हेलमेट, ट्रिपल सवारी और सभी प्रकार के वाहनों की जांच कर नियमों के अनुसार जुर्माना वसूला जाएगा।

हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों की होगी निगरानी

छात्रों को असामाजिक तत्वों के प्रभाव से बचाने के लिए सभी हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। संचालकों और वहां रहने वाले छात्रों की सूची तैयार की जाएगी। कोचिंग संचालकों से छात्रों को किसी भी अनधिकृत जुलूस या प्रदर्शन में शामिल नहीं होने देने की अपील की जाएगी। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय कोचिंग संचालकों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को सभी आवश्यक संसाधनों के साथ पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख