रांची। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आंतरिक संसाधन की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन, उत्पाद, निबंधन, खनन, मत्स्य, बाजार समिति, नीलाम पत्र, राज्यकर और माप-तौल सहित विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री राम नारायण सिंह, सहायक समाहर्ता सुश्री आस्था शरण सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
राजस्व लक्ष्य पूरा करने पर जोर
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी विभागों को वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण किसी भी स्थिति में पिछले वर्ष की तुलना में कम नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सभी विभागों को नियमित निगरानी करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने और लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
उत्पाद विभाग की कार्रवाई की समीक्षा
बैठक में उत्पाद विभाग की कार्रवाई की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 326 छापेमारी की गई है। इस दौरान 8,645 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।
उपायुक्त ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा में बताया गया कि पिछले वर्ष इसी अवधि में राजस्व संग्रहण करीब 130 करोड़ रुपये था, जिसे इस वर्ष बढ़ाकर लगभग 190 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
परिवहन, निबंधन और अन्य विभागों को निर्देश
निबंधन विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि संपत्ति का निबंधन संबंधित निबंधन कार्यालय में ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और नियमों के अनुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया।
परिवहन विभाग को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने और नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। वहीं राज्यकर, खनन सहित अन्य विभागों को भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य करने और लगातार समीक्षा के माध्यम से प्रगति बनाए रखने को कहा गया।
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व का कोई भी बकाया छूटना नहीं चाहिए। सभी लंबित देयों की समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया।
नीलाम पत्र और माप-तौल विभाग की समीक्षा
बैठक में कृषि उत्पादन बाजार समिति और जिला नीलाम पत्र कार्यालय के कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने नीलाम पत्र से जुड़े सभी पत्राचार समय पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि वसूली प्रक्रिया में देरी न हो।
माप-तौल विभाग की समीक्षा के दौरान सभी लाइसेंस अद्यतन रखने और नियमित निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने उपलब्ध मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कार्यों को समय पर पूरा करने और आवश्यकतानुसार रिक्तियों से संबंधित प्रस्ताव भेजने को कहा।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राजस्व संग्रहण में लगातार वृद्धि सुनिश्चित करने और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
