सारण । सारण्य महोत्सव के सौजन्य से शुक्रवार को शहर के सकलधारी प्रसाद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में समारोह आयोजित कर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, मीडिया प्रभारी एवं सारण्य महोत्सव के संरक्षक डॉ. संजय मयूख का लगातार तीसरी बार बिहार विधान परिषद सदस्य मनोनीत होने पर भव्य अभिनंदन किया गया।
समाज और युवाओं के विकास के लिए काम करने का संकल्प
समारोह में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने डॉ. संजय मयूख को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त साधन हैं। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में युवाओं के लिए बेहतर भविष्य और रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए समाज, शिक्षा और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सारण्य महोत्सव की ओर से आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता सीपीएस विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पदक देकर सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश राज ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में चिंतन, रचनात्मकता और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव श्याम बिहारी अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजपा नेता धर्मेंद्र कुमार साह ने दिया। समारोह में डॉ. हरेंद्र सिंह, राम दयाल शर्मा, अभियंता ललित कुमार सिंह, पत्रकार राकेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
