30 C
Kolkata
Wednesday, April 22, 2026

रांची पुलिस और शूटर सत्यम पाठक के बीच मुठभेड़: आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली, एक जवान भी घायल

रांची । राजधानी के पंडरा इलाके में हुए जमीन कारोबारी भार्गव सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी सत्यम पाठक और पुलिस के बीच बुधवार सुबह जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस क्रॉस फायरिंग में कुख्यात अपराधी सत्यम पाठक गंभीर रूप से घायल हुआ है, वहीं पुलिस का एक जवान भी गोली लगने से जख्मी हुआ है।

हथियार बरामदगी के दौरान फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश
रांची एसएसपी राकेश रंजन के अनुसार, यह पूरी घटना हथियार बरामदगी के दौरान हुई। शूटर सत्यम पाठक ने पूछताछ में बताया था कि उसने कांके डैम के पास दो हथियार छिपा रखे हैं। बुधवार सुबह जब पुलिस की टीम उसे लेकर डैम के पास पहुंची, तो सत्यम ने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें सत्यम के दोनों पैरों में गोली लगी। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कुख्यात अपराधी का काला इतिहास: पार्षद हत्याकांड में भी था हाथ
सत्यम पाठक केवल जमीन कारोबारी की हत्या में ही नहीं, बल्कि कई हाई-प्रोफाइल वारदातों में शामिल रहा है:
वेद प्रकाश हत्याकांड: जांच में पुष्टि हुई है कि सत्यम धुर्वा के पूर्व पार्षद और भाजपा नेता वेद प्रकाश सिंह की हत्या में भी शामिल था।
धुर्वा बस स्टैंड कांड: जुलाई 2024 में बाइक सवार अपराधियों ने वेद प्रकाश पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसके बाद दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि अपराधी ने पुलिस टीम पर सीधा हमला किया, जिसमें एक जवान को गोली लगी है। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने अपराधी के फरार होने के मंसूबों को नाकाम कर दिया। अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

अपराधी सत्यम पाठक और घायल जवान दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने कांके डैम इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख