30 C
Kolkata
Wednesday, April 22, 2026

आटा और पाउडर की आड़ में शराब की तस्करी: दुमका में ट्रक पलटा तो खुला ‘नशीला’ राज

दुमका । झारखंड के दुमका जिले में एक सड़क हादसे ने बड़े अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। शुरुआत में लोगों को लगा कि इसमें आटा और वाशिंग पाउडर लदा है, लेकिन जब बोरियां हटाई गईं तो पुलिस और ग्रामीणों के होश उड़ गए।

तस्करी का अनोखा तरीका: 3 लेयर के नीचे छिपी थी शराब
ट्रक के पलटने के बाद जब राहत कार्य शुरू हुआ, तो तस्करी का शातिर तरीका सामने आया: वो चौकाने वाला था। ट्रक में ऊपर से आटा और वाशिंग पाउडर की बोरियां लदी थीं ताकि किसी को शक न हो। दो-तीन लेयर नीचे भारी मात्रा में अवैध शराब की बोतलें छिपाई गई थीं। अवैध शराब इतनी ज्यादा थी कि उसे थाने तक पहुंचाने के लिए पुलिस को 13 ट्रैक्टरों की मदद लेनी पड़ी।

ओडिशा से बिहार जा रही थी खेप
पुलिस की प्रारंभिक जांच और गिरफ्तार सह-चालक से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। यह अवैध शराब ओडिशा से बिहार के मोतिहारी ले जाई जा रही थी। ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन खलासी शमशेर सिंह (निवासी नांदेड़, महाराष्ट्र) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के वक्त वह नशे में धुत्त था। जब्त शराब की कीमत लाखों में आंकी जा रही है, जिसका सटीक आकलन किया जा रहा है।

एसपी का बयान: हर बिंदु पर जांच जारी
दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि ट्रक पलटने के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शराब को जब्त किया। उन्होंने कहा शराब से संबंधित कोई भी वैध कागजात अब तक पेश नहीं किए गए हैं। फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इस सिंडिकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

बड़ी लापरवाही या बड़ी साजिश?
आटा और वाशिंग पाउडर जैसे रोजमर्रा के सामानों की आड़ में शराब की तस्करी ने सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया है। फिलहाल सरैयाहाट पुलिस पूरे मामले की गहन तफ्तीश कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख