38.7 C
Kolkata
Tuesday, June 23, 2026

कार और स्कूली वैन में टक्कर, दो बच्चे सहित तीन लोग घायल

भागलपुर । जिले में बाईपास थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेंट टेरेसा स्कूल के समीप भागलपुर बौंसी मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह एक कार और स्कूल वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में वाहन चालक और दो बच्चे घायल हो गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का सामने वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल वैन चालक की पहचान बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी छोटू पासवान के रूप में हुई है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों घायल बच्चों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और जाम लग गया। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी इस सड़क मार्ग पर कई बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। तेज रफ्तार और असावधानी के कारण इस मार्ग पर अक्सर गाड़ियां आपस में टकराती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भी प्रशासन के प्रति नाराजगी है। दुर्घटना की शिकार हुई क्षतिग्रस्त कार हुसैनाबाद (गुलाबबाग) निवासी मोहम्मद आसिफ की है।

हादसे के वक्त कार की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है, जिसके चलते चालक संतुलन खो बैठा और सामने से आ रही स्कूल वैन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थानाध्यक्ष चनबीर यादव सदल बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले सड़क पर से भीड़ को हटाया और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

नवीनतम लेख