30 C
Kolkata
Friday, May 8, 2026

“पानी संकट पर भाजपा का प्रदर्शन सिर्फ राजनीतिक नौटंकी” — झामुमो प्रवक्ता बुधराम लागुरी

पश्चिमी सिंहभूम । चाईबासा में पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने तीखा पलटवार किया है। झामुमो के जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने शुक्रवार को एक प्रेस बयान जारी कर भाजपा के आंदोलन को ‘दिखावटी’ और ‘जनता को गुमराह करने वाला’ करार दिया है।

बुधराम लागुरी ने कहा कि पेयजल की समस्या आज की नहीं है, बल्कि यह भाजपा के शासनकाल से चली आ रही है। उस समय भाजपा ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए, जबकि अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इसे सुधारने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं।

झामुमो प्रवक्ता ने केंद्र की भाजपा सरकार पर झारखंड के साथ ‘सौतेला व्यवहार’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन और ग्रामीण विकास जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का फंड समय पर जारी नहीं किया जा रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लागुरी ने आरोप लगाया कि देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इस तरह की राजनीतिक नौटंकी कर रही है।

राज्य सरकार की उपलब्धियां: बयान में दावा किया गया कि राज्य सरकार गांव-गांव तक पाइपलाइन विस्तार, जलमीनार निर्माण और खराब चापाकलों की मरम्मत का कार्य तेजी से कर रही है।

“जनता सब देख रही है”
बुधराम लागुरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि आखिर झारखंड को पेयजल योजनाओं के लिए अतिरिक्त सहायता क्यों नहीं दी जा रही है? उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्र फंड रोकता है और दूसरी तरफ भाजपा राज्य सरकार पर वित्तीय संकट का झूठा आरोप लगाती है।

“भाजपा जनता की समस्याओं के समाधान में नहीं, बल्कि भ्रम फैलाने में माहिर है। झारखंड की जनता उनकी इस दोहरी राजनीति का जवाब आने वाले समय में जरूर देगी।”
                                                                                 — बुधराम लागुरी, जिला प्रवक्ता, झामुमो

Related Articles

नवीनतम लेख