33 C
Kolkata
Friday, April 17, 2026

चुटिया में अवैध गैस गोदामों पर प्रशासनिक ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, 200 से अधिक सिलेंडर बरामद

रांची । राजधानी के रिहायशी इलाके चुटिया में जिला प्रशासन और पुलिस ने गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस कारोबार का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में 200 से ज्यादा एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जिससे इलाके के कालाबाजारियों में हड़कंप मच गया है।

रिहायशी इलाकों में मौत का सामान
प्रशासन ने चुटिया थाना क्षेत्र की साईं कॉलोनी और पावर हाउस के पास स्थित सारा कॉलोनी में एक साथ दबिश दी। जांच में पाया गया कि सामान्य दिखने वाले घरों के अंदर बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडरों का अवैध स्टॉक जमा किया गया था। सघन आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह गैस का भंडारण न केवल अवैध है, बल्कि स्थानीय निवासियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बना हुआ था।

घरेलू और उज्ज्वला सिलेंडरों की कालाबाजारी
जब्त किए गए सिलेंडरों में इंडेन, भारत गैस और विशेष रूप से उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले घरेलू सिलेंडर शामिल हैं। शुरुआती जांच के अनुसार घरेलू उपयोग के लिए आवंटित सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर व्यावसायिक (Commercial) कार्यों में खपाया जा रहा था। सारा कॉलोनी से करीब 120 और साईं कॉलोनी से 70 से अधिक सिलेंडर बरामद हुए। मौके पर एक छोटा मालवाहक वाहन भी पकड़ा गया, जिसमें 20 सिलेंडर लदे थे।

प्रशासन की चेतावनी
सिटी डीएसपी और स्थानीय थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को एसडीओ के निर्देश पर अंजाम दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू और व्यावसायिक गैस के खेल में शामिल मुनाफाखोरों को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन अब इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर इन अवैध ठिकानों तक कैसे पहुंच रहे थे। आने वाले दिनों में रांची के अन्य इलाकों में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण की संभावना है।

Related Articles

नवीनतम लेख