33 C
Kolkata
Friday, April 17, 2026

तालाब में नहाने गई पांच युवतियां डूबीं, दो सगी चचेरी बहनों की दर्दनाक मौत

गुमला । जिले के बसिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। चुटिया नदी के पास बने तालाब में नहाने गई पांच युवतियों में से दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से तीन अन्य युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गांव की पांच युवतियां सुबह नदी और तालाब की ओर नहाने गई थीं। सबसे पहले काजल कुमारी (18 वर्ष) पानी में उतरी, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह डूबने लगी। बहन को डूबता देख उसे बचाने के लिए चचेरी बहन दीपिका कुमारी उर्फ दीपशिखा (18 वर्ष) ने भी पानी में छलांग लगा दी। इसके बाद साथ आई तीन अन्य छात्राएं भी उनकी मदद के लिए आगे बढ़ीं, लेकिन पानी गहरा होने के कारण पांचों लड़कियां संकट में फंस गईं।

ग्रामीणों ने बचाई तीन की जान
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत पानी में कूदकर बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीन युवतियों को जिंदा बाहर निकाल लिया गया, लेकिन काजल और दीपिका की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों की पहचान सनीचर टोली निवासी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गुमला एसपी हरीश बिन जमा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवतियां नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गई थीं। सूचना मिलने पर बसिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख