35 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

डोरंडा मिल्लत पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने नगर विकास मंत्री से की मुलाकात, क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

रांची । डोरंडा मिल्लत पंचायत के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से धुर्वा स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाया। पंचायत अध्यक्ष अरशद कुरैशी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने रांची नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या-49 के पोखरटोली रोड, मनीटोला और डोरंडा क्षेत्र स्थित सामुदायिक भवन से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को एक मांग पत्र सौंपते हुए सामुदायिक भवन के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्रीय समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधियों ने बताया कि सामुदायिक भवन में पर्याप्त सुविधाओं का अभाव है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने क्षेत्र में सड़क, साफ-सफाई, जल निकासी तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की आवश्यकता पर भी जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि लंबे समय से स्थानीय लोग इन समस्याओं से जूझ रहे हैं और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासनिक पहल जरूरी है।

नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्राप्त मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा और क्षेत्रीय विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मंत्री से मुलाकात करने वालों में डोरंडा मिल्लत पंचायत के संरक्षक मो. मोइन, सचिव आतिफ अंसारी (सोनू), रोहित उरांव, मोहम्मद काशिफ, अब्दुल सगीर, मोहम्मद अंजार, विष्णु गाड़ी, नसीम अख्तर (लाल), मोहम्मद मुबाशिर सहित कई अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

नवीनतम लेख