इंदौर। महंगाई के मुद्दे पर इंदौर शहर कांग्रेस गुरुवार को एक साथ शहर के 22 ब्लॉकों में प्रदर्शन कर सरकार को घेरने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर होने वाले इस आंदोलन में शक्कर की बढ़ती कीमत, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण, महंगे घरेलू गैस सिलेंडर और बढ़ते बिजली बिल को लेकर विरोध जताया जाएगा। पार्टी के मुताबिक सुबह 10 बजे से अलग-अलग इलाकों में होने वाले प्रदर्शन में शहर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए सभी 22 ब्लॉकों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई का सबसे सीधा असर आम परिवारों की रसोई और मासिक बजट पर पड़ रहा है। चौकसे ने दावा किया कि शक्कर के दाम 30 से 35 रुपये प्रति किलो तक बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शक्कर की बढ़ी कीमत लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है। गणेश चतुर्थी, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य घरेलू जरूरतों में शक्कर की खपत बढ़ती है, जिससे बढ़ी कीमत का असर परिवारों के खर्च पर दिखाई देगा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शक्कर की कीमत में की गई मामूली कमी आम लोगों को राहत देने के लिए पर्याप्त नहीं है। पार्टी का कहना है कि सरकार को महंगाई पर ठोस कदम उठाकर उपभोक्ताओं को राहत देनी चाहिए।
पेट्रोल और एथेनॉल मिश्रण पर सवाल
कांग्रेस प्रदर्शन में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर भी सरकार से जवाब मांगेगी। चौकसे ने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों की माइलेज और रखरखाव प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस के मुताबिक इसका अतिरिक्त आर्थिक असर उन लोगों पर पड़ता है जो रोजाना वाहन के जरिए अपना रोजगार चलाते हैं।
बिजली और रसोई गैस की कीमत भी निशाने पर
बढ़ते बिजली बिल को लेकर कांग्रेस का आरोप है कि बिजली चोरी से होने वाले नुकसान का बोझ नियमित उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है। पार्टी का कहना है कि बिजली की बढ़ती लागत ने आम परिवारों के मासिक बजट को प्रभावित किया है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी कांग्रेस सरकार से राहत की मांग करेगी।
शहर कांग्रेस के अनुसार 22 स्थानों पर होने वाले प्रदर्शन में चंदन नगर पेट्रोल पंप, बाणगंगा पेट्रोल पंप, स्कीम नंबर 51 पुलिस चौकी, एरोड्रम 60 फीट रोड, मंगल नगर, परदेशीपुरा, स्कीम नंबर 54, रोबोट चौराहा, स्कीम नंबर 78, छावनी चौराहा, हरसिद्धि मंदिर रोड, राजबाड़ा पुलिस चौकी, माणिकबाग रोड, गंगवाल बस स्टैंड-लाबरिया भेरू, महू नाका, फूटी कोठी, तिलक नगर, गीताभवन, विकास नगर थाना एमआईजी, मुसाखेड़ी, सिलिकॉन सिटी गेट और तेजाजी नगर चौराहा शामिल हैं।
