काठमांडू। नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने मीडिया संस्थानों के प्रवेश द्वार के सामने वाहन खड़े करने की घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस घटना को गंभीरता से ले रही है और यदि किसी नेता या कार्यकर्ता की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान लामिछाने ने कहा कि पार्टी ने इस मामले पर पहले ही अपना स्पष्ट रुख जाहिर कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने आधिकारिक बयान जारी कर इस घटना को गलत बताया था और इसकी निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई
रवि लामिछाने ने कहा कि यदि जांच में पार्टी के किसी नेता या कार्यकर्ता की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने घोषित रुख पर पूरी तरह कायम है।
उन्होंने कहा, “किसी को छोड़ा गया या गिरफ्तार किया गया, मामला दर्ज हुआ या नहीं, यह अलग विषय है। लेकिन जो घटना हुई, वह असामान्य थी और इसी वजह से पार्टी ने स्पष्ट रूप से इसे गलत बताया है।”
