मुंबई । दक्षिण भारतीय सिनेमा की अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु इन दिनों अपनी फिल्म ‘मां इंटी बंगारम’ की सफलता के साथ-साथ निजी जीवन को लेकर भी चर्चा में हैं। अपने पहले बच्चे के आगमन का इंतजार कर रहीं सामंथा ने हालिया बातचीत में मातृत्व को लेकर अपनी भावनाएं साझा की हैं। उन्होंने कहा कि मां बनना हमेशा से उनका सबसे बड़ा सपना रहा है और वह जीवन के इस नए अध्याय का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।
सामंथा ने कहा, “यह मेरे लिए बिल्कुल नया और बेहद रोमांचक अनुभव है, लेकिन मैं लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रही थी। मैं हमेशा से एक मां बनना चाहती थी। मुझे विश्वास है कि मैं इस नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाऊंगी।”
उन्होंने बताया कि मातृत्व ने उनके भीतर नई ऊर्जा और जीवन का नया उद्देश्य जगाया है। अभिनेत्री ने कहा कि उनका मन कृतज्ञता से भरा है और वह हर दिन कुछ नया सीखते हुए इस नए सफर को अपनाने के लिए तैयार हैं।
फिल्म की सफलता के बीच हुई थी चर्चा
सामंथा की गर्भावस्था की चर्चा तब शुरू हुई, जब फिल्म ‘मां इंटी बंगारम’ की सफलता के जश्न के दौरान उनका बेबी बंप नजर आया। बाद में उन्होंने स्वयं इस खुशखबरी की पुष्टि की और बताया कि मौजूदा पेशेवर प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के बाद वह मातृत्व अवकाश लेंगी। यह सामंथा और उनके पति, फिल्म निर्माता राज निदिमोरू का पहला बच्चा होगा।
उल्लेखनीय है कि सामंथा ने वर्ष 2017 में अभिनेता नागा चैतन्य से विवाह किया था, लेकिन वर्ष 2021 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद वेब श्रृंखला ‘द फैमिली मैन 2’ के दौरान उनकी मुलाकात निर्देशक राज निदिमोरू से हुई। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और दिसंबर 2025 में उन्होंने विवाह कर लिया। अब दोनों अपने पहले बच्चे के स्वागत को लेकर उत्साहित हैं।
