33.4 C
Kolkata
Wednesday, July 15, 2026

रांची के पनास रियल्टर्स और दयानंद मोदी ग्रुप के ठिकानों पर आयकर का छापा

रांची। आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने टैक्स चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची के प्रतिष्ठित बिल्डरों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। विभाग की इस कार्रवाई के दायरे में मुख्य रूप से ‘पनास रियल्टर्स एलएलपी’ (PANAS Realtors LLp) और ‘दयानंद मोदी ग्रुप’ को शामिल किया गया है। आयकर अधिकारियों ने इन कंपनियों के कार्यालयों के साथ-साथ इनके पार्टनर्स और निदेशकों के ठिकानों पर भी दबिश दी है। इन सभी पर अपनी वास्तविक आमदनी छिपाकर बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी करने का आरोप है।

पनास रियल्टर्स के रातू रोड दफ्तर और पार्टनर्स के घरों पर दबिश

आयकर विभाग की टीम ने पनास रियल्टर्स एलएलपी के रातू रोड स्थित मोदी हाइट्स कार्यालय में सर्वे और छापेमारी की कार्रवाई की। इसके साथ ही कंपनी के प्रमुख पार्टनर्स अरुण झुनझुनवाला, नारायण प्रसाद जालान, प्रदीप मोदी, प्रणय मोदी और आदित्य झुनझुनवाला के ठिकानों को भी खंगाला जा रहा है। पनास रियल्टर्स वर्तमान में रांची में ‘स्काई डेक’ (SKY DECK) और ‘पनाश’ (PANACHE) जैसी कई बड़ी और बहुमंजिला आवासीय व व्यावसायिक परियोजनाओं का निर्माण कर रही है।

लालपुर में दयानंद मोदी ग्रुप के ठिकानों पर जांच, करोड़ों के फ्लैट्स का मामला

पनास रियल्टर्स के अलावा आयकर विभाग ने दयानंद मोदी ग्रुप के लालपुर स्थित मुख्य कार्यालय पर भी धावा बोला। इस ग्रुप की लालपुर और उसके आसपास के इलाकों में कई बड़ी आवासीय परियोजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनमें ‘रोज़वुड’ (Rosewood) बेहद महत्वपूर्ण और प्रीमियम प्रोजेक्ट माना जाता है। बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट के एक-एक फ्लैट की कीमत एक करोड़ रुपये से भी अधिक है। विभाग ने इस समूह के निदेशक अभिमन्यू मोदी को भी जांच और छापेमारी के दायरे में लिया है, जिनसे निवेश और आय के स्रोतों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख