मुंबई । अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के पंजाबी सिनेमा में कदम रखने की चर्चा तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हिंदी सिनेमा में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले नवाजुद्दीन एक पंजाबी फिल्म में मुख्य भूमिका निभा सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस फिल्म का निर्माण अभिनेता और निर्माता गिप्पी ग्रेवाल के बैनर तले किया जाएगा। हालांकि, फिल्म के शीर्षक और कलाकारों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, इस परियोजना के लिए पंजाबी अभिनेत्री सोनम बाजवा से भी बातचीत चल रही है। यदि यह फिल्म अंतिम रूप लेती है तो नवाजुद्दीन सिद्दीकी और सोनम बाजवा पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आ सकते हैं। सोनम हाल के वर्षों में कई हिंदी फिल्मों के जरिए भी अपनी पहचान बना चुकी हैं।
कई फिल्मों में व्यस्त हैं नवाजुद्दीन
कार्य क्षेत्र की बात करें तो नवाजुद्दीन सिद्दीकी इन दिनों सोहम शाह की फिल्म ‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके अलावा उनके पास ‘सेक्शन 108’ और ‘संगीन’ जैसी फिल्में भी हैं।
फिलहाल पंजाबी फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह है, लेकिन इस परियोजना की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
