भागलपुर । बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड के काशील गांव में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवनिर्मित डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया। इसी दौरान उन्होंने वर्चुअल माध्यम से राज्य के 211 डिग्री कॉलेजों का महा-लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। साथ ही महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए छह विशेष गुलाबी बसों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता उच्च शिक्षा का विस्तार कर युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नए डिग्री कॉलेज केवल डिग्री देने के केंद्र नहीं होंगे, बल्कि यहां युवाओं में नेतृत्व क्षमता, शोध, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
विक्रमशिला विश्वविद्यालय और नए विश्वविद्यालय की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भागलपुर का वर्षों पुराना सपना विक्रमशिला विश्वविद्यालय जल्द साकार होगा। इसके लिए 220 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी गई है और एक वर्ष के भीतर नए परिसर की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भागलपुर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और संगणक विज्ञान पर आधारित एक नया विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे नए पुल के निर्माण में तेजी लाई जा रही है और सरकार का लक्ष्य 30 नवंबर से पहले इसे चालू करना है। कहलगांव से बटेश्वरनाथ धाम तक सड़क संपर्क भी बेहतर बनाया जाएगा।
महिलाओं, स्वास्थ्य और रोजगार पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। पहले चरण में बड़ी संख्या में महिलाओं के खातों में सहायता राशि भेजी जा चुकी है और 25 जुलाई को सरकार के 100 दिन पूरे होने पर शेष पात्र महिलाओं के खातों में भी राशि भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि बिहार में 25 स्थानों पर नई टाउनशिप विकसित करने के लिए करीब 15 हजार एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। निवेशकों से राज्य में उद्योग लगाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार भूमि, बिजली और पानी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को 15 अगस्त तक सभी अनुमंडल अस्पतालों में गंभीर बीमारियों के उपचार की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार राशन कार्ड, आवास और किसानों को खेतों तक पर्याप्त बिजली पहुंचाने जैसे कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ा रही है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, सांसद अजय कुमार मंडल, विधायक शुभानंद मुकेश समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। नए डिग्री कॉलेज के शुरू होने से काशील और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
