पटना । बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जनसुराज के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।
भाजपा में शामिल होने वालों में दीघा विधानसभा सीट से जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी बिट्टू सिंह, कुम्हरार से पूर्व प्रत्याशी प्रो. डॉ. केसी सिन्हा, मनेर से पूर्व प्रत्याशी गोपाल सिंह तथा पटना नगर निगम की पूर्व महापौर प्रत्याशी विनीता सिंह समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं। कार्यक्रम में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक एवं दीघा विधायक संजीव चौरसिया सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर लिया फैसला
सदस्यता ग्रहण के बाद प्रो. डॉ. केसी सिन्हा ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में राष्ट्रहित सर्वोपरि है और देश को मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान की भूमि है और शिक्षा के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने भाजपा में शामिल होने पर प्रदेश नेतृत्व का आभार भी जताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, केंद्र सरकार के कार्यों और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के आने से संगठन और मजबूत होगा तथा आगामी चुनावों में इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले जनसुराज के कई प्रमुख नेताओं और पूर्व प्रत्याशियों का भाजपा में शामिल होना राज्य की राजनीति का महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, उपचुनाव पर इसके वास्तविक प्रभाव का आकलन चुनावी प्रक्रिया और मतदाताओं के रुझान के बाद ही स्पष्ट होगा।
