देवघर । देवघर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग साइबर ठगी की घटनाओं में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अशरफ अंसारी (26), सद्दाम अंसारी (36), मुस्तकीम अंसारी (26) और बिनोद दास (37) के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड के माध्यम से साइबर ठगी से जुड़े मामलों में संलिप्तता के संकेत मिले हैं। तकनीकी जांच के दौरान इनके मोबाइल उपकरणों के आईएमईआई नंबरों से देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों का भी मिलान पाया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सद्दाम अंसारी का नाम पूर्व में भी साइबर अपराध से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए जांच जारी है।
देवघर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑफर के झांसे में न आएं।
