32.1 C
Kolkata
Thursday, June 18, 2026

घरेलू विवाद में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति मोरहाबादी से गिरफ्तार

रांची। राजधानी के बरियातू थाना क्षेत्र के सिंदवार टोली में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद भाग रहे आरोपी पति को बरियातू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोरहाबादी के एदलहातू तालाब के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

बिजली गुल होने के कारण बची बच्चों की जान, सुबह हुआ खुलासा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पवन मुंडा ने बुधवार की देर रात अपनी पत्नी बेला मुंडा के साथ जमकर मारपीट की, जिससे आई गंभीर चोटों के कारण बेला मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ जब बच्चे घर लौटे।

बताया जा रहा है कि बुधवार की रात इलाके में बिजली गुल थी और भीषण गर्मी के कारण बच्चे रात में ही पास के एक रिश्तेदार के घर सोने चले गए थे। गुरुवार की सुबह जब वे वापस आए, तो उन्होंने अपनी मां को घर के भीतर खून से लथपथ हालत में पाया। उस वक्त आरोपी पवन मुंडा घर से फरार हो चुका था। बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों और पड़ोसियों को दी। बेला मुंडा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक मारपीट के कारण महिला की जान गई।

मोरहाबादी के तालाब के पास छिपा था आरोपी

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बरियातू थाना पुलिस तुरंत रेस हुई और आरोपी की तलाश में जुट गई। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी पवन मुंडा मोरहाबादी स्थित एदलहातू तालाब के पास छिपा हुआ है और वहां से भागने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस कर रही है पूछताछ, इलाके में आक्रोश

बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने बताया कि प्राथमिक जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस वीभत्स हत्याकांड के बाद से स्थानीय इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

नवीनतम लेख