रांची। हरिदेव सेवा संघ की ओर से रविवार को रिम्स अस्पताल परिसर में मरीजों के परिजनों और जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन ग्रहण किया। अस्पताल में अपने परिजनों के इलाज के लिए दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत बताया।
संस्था के संस्थापक सह संचालक संजीत कुमार साहू ने कहा कि हरिदेव सेवा संघ का उद्देश्य मानव सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों तक लगातार सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में कई ऐसे परिवार होते हैं जो अपने मरीजों के इलाज में व्यस्त रहने के कारण भोजन जैसी मूलभूत जरूरतों को भी पूरा नहीं कर पाते। ऐसे लोगों की सहायता करना संस्था की सामाजिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि हरिदेव सेवा संघ समय-समय पर जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण, सामाजिक सहयोग और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। भविष्य में भी संस्था इसी तरह नियमित रूप से सेवा कार्य जारी रखेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके।
भोजन वितरण कार्यक्रम में संस्था के सक्रिय सदस्य भोला प्रसाद, सोनू यादव, चंदन सोनी, पवन बरनवाल, मुस्कान सिंह, कार्तिक कुमार, उज्ज्वल कुमार और जयेश कुमार ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। सभी स्वयंसेवकों ने भोजन वितरण की व्यवस्था संभालते हुए जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाया।
कार्यक्रम के अंत में हरिदेव सेवा संघ ने समाज के लोगों से मानव सेवा के ऐसे कार्यों में आगे आकर सहयोग करने की अपील की। संस्था ने कहा कि सामूहिक प्रयास और सामाजिक सहभागिता से अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सकती है तथा समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को और मजबूत बनाया जा सकता है।
