33.4 C
Kolkata
Sunday, August 2, 2026

अंजुमन इस्लामिया ने मेधावी छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों का किया सम्मान

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित उर्दू लाइब्रेरी सभागार में रविवार को अंजुमन इस्लामिया की ओर से “हौसलाअफजाई” विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, कौशल विकास और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं और खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह में वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 44 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम श्रेणी प्राप्त 17 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अंजुमन इस्लामिया के निःशुल्क कंप्यूटर सेंटर के 13, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के 23 और मेहंदी प्रशिक्षण केंद्र के 18 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए।

खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया। बॉडी बिल्डिंग में स्वर्ण पदक विजेता तस्लीम अहमद और पावर लिफ्टिंग में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले अकिफ रजा को सम्मान मिला। वहीं कराटे प्रशिक्षक मी ज़ीशान अली शिद्दीक और ज़िकरा हयात को खेलों में योगदान के लिए तथा मानवाधिकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता बैरम खान को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन अंजुमन इस्लामिया चाईबासा के सचिव फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सम्मान समारोह आयोजित करना नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर अख्तर रुमानी, मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद जहांगीर आलम, इरशाद अनवर खान, मुहम्मद साकिर, मुहम्मद अल्ताफ, शफीक मास्टर, प्रिंस मास्टर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख