29.6 C
Kolkata
Saturday, August 1, 2026

रांची में 8 अगस्त को होगा सखुआ महोत्सव, लगाए जाएंगे 10 हजार देशज पौधे

रांची। रांची नगर निगम की ओर से आगामी 8 अगस्त को ‘सखुआ महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत निगम क्षेत्र में 10 हजार सखुआ सहित महुआ, पलाश, कुसुम और डाहू जैसे देशज प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।

एक माह तक चलेगा पौधारोपण अभियान

सखुआ महोत्सव के बाद शहर के सभी वार्डों में एक माह तक चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य झारखंड की जैव विविधता का संरक्षण, हरित क्षेत्र का विस्तार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर शनिवार को नगर निगम सभागार में महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में उपमहापौर नीरज कुमार, सभी वार्ड पार्षद और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा और पौधारोपण अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई।

इक्कीसी महादेव स्थल से होगा शुभारंभ

महापौर रोशनी खलखो ने बताया कि इस वर्ष सखुआ महोत्सव को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। इसमें सामाजिक संगठनों, वार्ड पार्षदों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव का आयोजन पहले 1 अगस्त को प्रस्तावित था, लेकिन तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण इसकी तिथि बढ़ाकर 8 अगस्त कर दी गई। महोत्सव का शुभारंभ चुटिया स्थित ऐतिहासिक इक्कीसी महादेव स्थल से होगा।

महापौर ने कहा कि इक्कीसी महादेव स्थल के साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। नगर निगम इस स्थल को प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है।

उन्होंने बताया कि सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान कर जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।

Related Articles

नवीनतम लेख