रांची । रांची के कांके रोड स्थित कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल में शनिवार को दो दिवसीय ‘मातृ स्नेह दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मातृशक्ति को समर्पित इस आयोजन में बच्चों और उनकी माताओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त किया।
विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मां बच्चों के लिए शक्ति, संस्कार, समर्पण और स्नेह की प्रतिमूर्ति होती है। भारतीय संस्कृति में केवल एक दिन ही नहीं, बल्कि हर दिन ‘मातृ देवो भवः’ की भावना को सम्मान दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों में शिक्षा, संस्कार, सौहार्द और सामाजिक मूल्यों को विकसित करने में मातृशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय में जब सामाजिक मूल्यों में गिरावट देखी जा रही है, ऐसे में माताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आनंदमयी सिंह ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कृति और संस्कार आधारित व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक बताया।
दो दिवसीय कार्यक्रम में बाल वाटिका के बच्चों की माताओं ने आकर्षक गीत और नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं बच्चों ने अपने पिता के साथ मिलकर माताओं के लिए फायरलेस कुकिंग, मेकअप और मेहंदी जैसी गतिविधियों में भाग लिया। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भावनात्मक और यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में परिवार, समाज और रिश्तों के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और संस्कार की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन छात्राओं अनुष्का कुमारी और एंजेल ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

