खूंटी । पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद सोमवार को खूंटी जिले में उत्सव का माहौल देखने को मिला। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आतिशबाजी कर, एक-दूसरे को मिठाई और झाल मुरही खिलाकर खुशी का इजहार किया।
इस दौरान तोरपा नगर भवन से नाचते-गाते कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला, जो हिल चौक और मेन रोड होते हुए कर्रा मोड़ तक गया। पूरे रास्ते भाजपा समर्थकों का उत्साह देखने लायक रहा।
मौके पर पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एक बार फिर भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों पर भरोसा जताया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इसी उत्साह के साथ संगठन को और मजबूत करें और जनता की सेवा में निरंतर जुटे रहें।
इस अवसर पर संतोष जायसवाल, निखिल कंडुलना, सुबोध गुप्ता, विनय गुप्ता, नीरज जायसवाल, नीरज पाढ़ी, पुरेंद्र मांझी, कृष्ण भगत, आलोक भगत, राजू साहू, रूपेश गुप्ता, कृपा सिंधु बेहरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

