30.8 C
Kolkata
Monday, June 15, 2026

इजराइल-ईरान युद्ध : आईआरजीसी की चेतावनी- ‘दुश्मन अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं’

हमेदान में खामेनेई के समर्थन में प्रदर्शन

तेहरान/हमेदान । ईरान ने अमेरिका और इजराइल के साथ जारी संघर्ष के बीच कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि उसके दुश्मन अब दुनिया में कहीं भी सुरक्षित नहीं रहेंगे। ईरान की अर्धसैनिक इकाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने बयान जारी कर चेतावनी दी कि हालिया हमलों के बावजूद देश कमजोर नहीं पड़ा है।

सरकारी प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) के अनुसार, आईआरजीसी ने कहा कि देश के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और अन्य शीर्ष अधिकारियों की मौत ने ईरान को “कमजोर नहीं बल्कि और मजबूत” बनाया है।

बयान में कहा गया, “दुश्मन को यह जान लेना चाहिए कि उसके अच्छे दिन खत्म हो चुके हैं। वे अब दुनिया में कहीं भी सुरक्षित नहीं रहेंगे, यहां तक कि अपने घरों में भी नहीं।” आईआरजीसी ने स्पष्ट किया कि ईरान की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक “दुश्मन को पराजित नहीं कर दिया जाता।”

हमेदान में सड़कों पर उतरे समर्थक

इस बीच पश्चिमी ईरान के शहर हमेदान में खामेनेई की मौत के बाद उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारी शोक जता रहे हैं और सरकार के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग जुलूस और सभाओं के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

तेजी से बदलते हालात के बीच ईरान में एक ओर शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं दूसरी ओर सैन्य और कूटनीतिक मोर्चों पर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख