रांची : राजधानी सहित राज्य के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई की सुबह 8.30 बजे से 2 जुलाई की सुबह 8.30 बजे तक झारखंड के कई ज़िलों में भारी बारिश का अनुमान है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश जारी रहने के साथ गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कुछ जिलों में भारी वर्षा की स्थिति भी बन सकती है।
3 जुलाई को भी झारखंड के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। मौसम केंद्र के मुताबिक मानसूनी गतिविधियां पूरे राज्य में बनी रहेंगी। मौसम केंद्र 3 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम केंद्र ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। तेज बारिश और वज्रपात के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है। लगातार बारिश की संभावना के बीच अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे राज्य के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
