धनबाद । धनबाद के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के निचीतपुर टाउनशिप स्थित मोहलीडीह छठ तालाब में 16 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह तालाब में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान स्थानीय निवासी अशोक पाल की पुत्री देवश्री पाल के रूप में हुई है। देवश्री टाटा सिजुआ डीएवी स्कूल में 12 वीं कक्षा की छात्रा थी। परिवार में माता-पिता और एक बड़ा भाई है।
परिजनों के अनुसार रविवार रात घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद देर रात करीब दो बजे देवश्री घर से निकल गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने ईस्ट बसुरिया ओपी में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। मंगलवार सुबह छठ तालाब में शव मिलने की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की।
मृतका के पिता अशोक पाल ने बताया कि उनकी बेटी रात में अचानक घर से निकल गई थी। काफी तलाश के बाद भी वह नहीं मिली। उन्होंने कहा कि किसी से उनकी कोई दुश्मनी नहीं है।
वहीं स्थानीय मुखिया मो आजाद ने बीसीसीएल एरिया-5 के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीने से छठ तालाब की साफ-सफाई कराने की मांग की जा रही थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। तालाब जलकुंभी और लताओं से पूरी तरह भरा हुआ है, जिसके कारण शव समय पर दिखाई नहीं दिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
