28 C
Kolkata
Sunday, August 16, 2026

ट्रेड लाइसेंस प्रक्रिया सरल बनाने की मांग, चैंबर ने ब्रेड कीमत और बायो-प्लास्टिक पर उठाए सवाल

रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ट्रेड रिटेल उप समिति की बैठक मंगलवार को चैंबर भवन में उप समिति के चेयरमैन योगेंद्र प्रसाद पोद्दार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में व्यापारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए प्रशासन और नगर निगम से आवश्यक पहल करने की मांग की गई।

ट्रेड लाइसेंस प्रक्रिया आसान बनाने की मांग

बैठक में ट्रेड लाइसेंस की जटिल प्रक्रिया पर चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने कहा कि छोटे और मध्यम दुकानदारों को लाइसेंस प्राप्त करने में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चैंबर ने नगर निगम से लाइसेंस प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाने की मांग की।

ब्रेड की कीमतों में बढ़ोतरी पर जताई चिंता

बैठक में कुछ ब्रेड निर्माता कंपनियों द्वारा बिना किसी स्पष्ट कारण के ब्रेड की कीमतों में की गई बढ़ोतरी पर भी चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने कहा कि इससे उपभोक्ताओं के साथ-साथ खुदरा व्यापारियों पर भी असर पड़ रहा है।

बायो-प्लास्टिक पर स्पष्ट दिशा-निर्देश की मांग

बैठक में बायो-प्लास्टिक के उपयोग को लेकर नगर निगम से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई। चैंबर ने कहा कि जब तक गार्बेज बैग का उपयुक्त विकल्प उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक खुदरा दुकानदारों के खिलाफ इस मामले में दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।

बैठक में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, ट्रेड रिटेल उप समिति के चेयरमैन योगेंद्र प्रसाद पोद्दार, संजय कुमार, अशोक अग्रवाल, दीपक कुमार अग्रवाल, अमित शर्मा और कृष्ण कुमार गोयल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख