30.2 C
Kolkata
Tuesday, June 30, 2026

किशनगंज पुलिस का साप्ताहिक अभियान में 59 गिरफ्तार, 7.70 करोड़ की ब्राउन शुगर जब्त

किशनगंज । जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर किशनगंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीते एक सप्ताह में बड़ी कार्रवाई की गई।

22 जून से 28 जून 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध बालू खनन, शराब तस्करी, मादक पदार्थों की बरामदगी, पशु तस्करी, गृहभेदन और वाहन चोरी के मामलों में लगातार छापेमारी की गई।

साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। मंगलवार को पुलिस की ओर से जारी साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में कुल 59 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों से 5 लाख 7 हजार रुपये शमन शुल्क के रूप में वसूले गए। विशेष अभियान के दौरान गृहभेदन (चोरी) के 5 आरोपितों तथा अंतरराज्यीय उड़ीसा गैंग के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 3.857 किलोग्राम स्मैक, ब्राउन शुगर एवं हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 70 लाख रुपये बताई गई है।

इसके अलावा 13.460 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है। अवैध शराब के विरुद्ध अभियान में पुलिस ने 1,933.38 लीटर विदेशी शराब तथा 15 लीटर देशी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान अपराध में प्रयुक्त 2 कार, 1 पिकअप वाहन, 3 टेंपो, अवैध बालू लदे 3 ट्रैक्टर तथा 4 मोटरसाइकिल जब्त किए गए। इसके अलावा 8 मोबाइल फोन और 40,910 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ, बालू खनन और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अपराधियों और तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए जिले में अपराधमुक्त वातावरण बनाने की दिशा में पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख