26 C
Kolkata
Sunday, April 12, 2026

हाई टेंशन तार की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत

सीवान। सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के गंगपुर गांव में बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई। 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों में गंगपुर गांव निवासी राज कुमार बिन (45) तथा सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र के कुमाना छपरा गांव निवासी राम अयोध्या प्रसाद (55) शामिल हैं। बताया जाता है कि राज कुमार बिन अपने घर का निर्माण करा रहे थे। वहीं राम अयोध्या प्रसाद अपने एक संबंधी के यहां रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहे थे और उसी निर्माण कार्य में लगे हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार को लगभग 12 बजे दोनों लोग मकान के निर्माण के लिए लोहे का लंबा रॉड बीम में लगाने के लिए खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान रॉड ऊपर से गुजर रहे 11 हजार पावर के हाई टेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आते ही दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं राम अयोध्या प्रसाद अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मजदूरी करते थे। उनकी मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से हाई टेंशन तारों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाएं न हों।

Related Articles

नवीनतम लेख