29.3 C
Kolkata
Tuesday, June 16, 2026

रामनवमी पर डीजे प्रतिबंध से हजारीबाग विधायक ने जताई नाराजगी, सदन के बाहर बैठे धरने पर

रांची । हजारीबाग में रामनवमी पर डीजे बजाने की अनुमति नहीं दिए जाने को लेकर भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने बुधवार को कड़ी नाराजगी जताई है। विधानसभा के बाहर धरने पर बैठे विधायक ने राज्य सरकार पर हिंदुओं के पर्वों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है।

भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी पूरे राज्य में अपनी भव्यता और परंपरा के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे में डीजे बजाने पर रोक लगाना लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने मांग की कि हजारीबाग के ख्याति प्राप्त इंटरनेशनल श्री चैत रामनवमी को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया जाए और जुलूसों में डीजे बजाने की अनुमति दी जाए।

विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं करता है, तब भी हजारीबाग में हर हाल में रामनवमी के अवसर पर डीजे बजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनता की धार्मिक भावनाओं और परंपराओं का सम्मान करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि गत मंगलवार को हजारीबाग जिले में मंगला जुलूस के दौरान डीजे के प्रयोग की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक डीजे को जब्त कर लिया था।

वहीं, जिला प्रशासन ने सभी आयोजनकर्ताओं एवं आमजन से अपील की है कि पर्व-त्योहारों के दौरान डीजे का प्रयोग न करें तथा न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

पर्व-त्योहारों के दौरान उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार किसी भी प्रकार के डीजे के प्रयोग पर सख्त मनाही है

Related Articles

नवीनतम लेख