कोलकाता । तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी देने और भड़काऊ बयानबाजी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार शाम को विधाननगर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने राजीव सरकार नाम के एक व्यक्ति की शिकायत पर यह एफआईआर दर्ज की।
आरोपी: अभिषेक बनर्जी (TMC राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद)
क्या है आरोप: गृह मंत्री अमित शाह को धमकी, विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आक्रामक भाषा और उकसावे वाला बयान।
कार्रवाई का आधार: राजीव सरकार नामक व्यक्ति द्वारा 5 मई को बागुईआटी थाने में दी गई शिकायत।
एफआईआर की धाराएं: भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की कुल 6 धाराएं लगाई गई हैं।
चुनावी रैलियों में अराजकता फैलाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता राजीव सरकार ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक बनर्जी ने ऐसे बयानों का इस्तेमाल किया, जिससे राज्य में अराजकता और अशांति की स्थिति पैदा हो सकती थी। पुलिस ने उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 192, 196, 351(2), 353(1)(c) और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123(2) व 125 के तहत मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता का पक्ष
खुद को समाजसेवी बताने वाले शिकायतकर्ता राजीव सरकार का कहना है कि उनकी इस शिकायत के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। उन्होंने दावा किया कि चुनावी सभाओं में जिस तरह की आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया गया, उससे आम लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

