खूंटी । भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के शहीद दिवस के अवसर पर मंगलवार को मुरहू प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुंजला में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और देश के लिए किए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुरहू मंडल अध्यक्ष विजय राम गंझू ने की।
चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वक्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक संघर्षों और योगदान को याद किया।
डॉ. मुखर्जी का जीवन देशभक्ति और त्याग का अनुपम उदाहरण: काशीनाथ महतो
मौके पर मौजूद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो ने डॉ. मुखर्जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया था। उनका जीवन हर नागरिक के लिए देशभक्ति, त्याग और निस्वार्थ राष्ट्रसेवा का एक अनुपम उदाहरण है। उनके राष्ट्रवादी विचार और सिद्धांत आज भी युवाओं व पूरे समाज को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में जुटने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित
इस गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, दानियाल भगत, दिलीप हीरो, सावन मुंडा, मंगराह मुंडा, बालमुकुंद सिंह, सिकंदर सिंह, विशुन तांती, जले महतो, लूरका महतो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।
