35 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

नेशनल हाईवे पर तीन ट्रकों में भीषण भिड़ंत के बाद लगी आग, दो लोग जिंदा जले

गिरिडीह | दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे पर डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो के पास बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहाँ सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ट्रकों में देखते ही देखते भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों के जिंदा जलने की खबर है, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

कोयला और गुड़ लदे ट्रकों में मची तबाही, दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत
हादसे की जानकारी मिलते ही डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार और थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। बताया जा रहा है कि ट्रकों में कोयला और गुड़ लदा था, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अग्निशमन विभाग की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, खड़े ट्रकों में चालक और खलासी सो रहे थे, जिन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

शिनाख्त और नुकसान का आकलन जारी, हाईवे पर घंटों बाधित रहा परिचालन
डुमरी के इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार महतो ने बताया कि आग बुझने के बाद राहत कार्य तेज कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने और यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रकों के भीतर और कितने लोग फंसे हो सकते हैं। इस भीषण दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर घंटों तक वाहनों का परिचालन प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related Articles

नवीनतम लेख