26.8 C
Kolkata
Wednesday, July 22, 2026

धनबाद में कोयला कारोबारी के वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग, दहशत में इलाका

धनबाद | जिले में अपराधियों के बढ़ते मनोबल ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार देर रात तेतुलमारी थाना क्षेत्र के शक्ति चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने कोयला कारोबारी मनीष सिंह के वाहन को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस हमले में मनीष सिंह और वाहन में सवार अन्य लोगों को गोली लगने की सूचना है। घटना के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को 8 लेन की तरफ भगाकर किसी तरह जान बचाई।

संदिग्ध वाहन बरामद: किसान चौक के पास पुलिस को मिली गोलियों से छलनी गाड़ी
वारदात के कुछ देर बाद ही बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के किसान चौक के पास पुलिस पेट्रोलिंग टीम को एक लावारिस संदिग्ध वाहन मिला है। इस वाहन पर फायरिंग के गहरे निशान पाए गए हैं, लेकिन मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के अनुसार, पुलिस दोनों घटनाओं के बीच की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है ताकि अपराधियों तक पहुँचा जा सके।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, मनीष सिंह की पत्नी ने दर्ज कराई प्राथमिकी
तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि घायल मनीष सिंह की पत्नी शिवानी सिंह की लिखित शिकायत पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब शक्ति चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद से ही स्थानीय व्यापारियों और निवासियों के बीच भारी आक्रोश और डर का माहौल है।

Related Articles

नवीनतम लेख