36 C
Kolkata
Monday, May 18, 2026

जमशेदपुर के शंकोसाई में खड़ी तीन बसों में लगी आग, दो बसें जलकर खाक, साजिश की आशंका के बीच जांच तेज

पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित शंकोसाई रोड नंबर-1 में सोमवार तड़के करीब तीन बजे खड़ी तीन बसों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दो बसें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि तीसरी बस को अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद बड़े नुकसान से बचा लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक बसों से उठती तेज लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दो बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। तीसरी बस को आंशिक नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बसों के ऊपर से गुजर रही बिजली की मुख्य लाइन भी इसकी चपेट में आ गई। आग लगने से बिजली की केबल जल गई, जिससे आसपास के कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बाद में बिजली विभाग की टीम को बुलाकर क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया।

घटना के बाद मौके पर पहुंची उलीडीह थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मोहम्मद शौकत अली ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

प्रारंभिक जांच में आगजनी की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस इस मामले को साजिश के एंगल से भी जांच रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।-

Related Articles

नवीनतम लेख