28.2 C
Kolkata
Sunday, June 14, 2026

ज्वेलरी दुकान में 11 लाख की चोरी, छत काटकर ले गए चांदी के जेवर

पूर्वी सिंहभूम। मानगो थाना क्षेत्र के मानगो बाजार स्थित टैंक रोड पर स्थित कोलकाता ज्वेलर्स में चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की छत काटकर अंदर घुसे और करीब 11 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए।

दुकान संचालक जितेंद्र कुमार रविवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि दुकान से लगभग चार किलोग्राम चांदी के जेवर और करीब आठ हजार रुपये नकद गायब हैं।

छत काटकर दुकान में घुसे चोर

जितेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। रविवार सुबह पहुंचने पर चोरी की जानकारी मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर टीन शेड की ऊपरी परत हटाकर और दूसरी परत काटकर दुकान के अंदर दाखिल हुए थे।

तिजोरी तोड़ने की कोशिश नाकाम

चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। तिजोरी सुरक्षित रहने से उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी होने से बच गए। दुकान मालिक के अनुसार यदि तिजोरी टूट जाती तो नुकसान और अधिक हो सकता था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख