रांची। झारखंड में मानसून सक्रिय रहने के कारण 20 जून तक राज्य के कई जिलों में गर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कई जिलों में तेज हवा के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। कोडरमा जिले के तिलैया डीवीसी क्षेत्र में सर्वाधिक 46.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
तापमान की बात करें तो डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची के कांके में सबसे कम 21.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
12 जून को झारखंड में मानसून के प्रवेश के बाद से रांची समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इससे तापमान में कुछ कमी आई है, लेकिन कई इलाकों में उमस बनी हुई है।
रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहे और हवाएं चलती रहीं। इसके बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
रांची का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 38 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम 41.2 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बोकारो में अधिकतम 31.1 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि चाईबासा में अधिकतम 38 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने को कहा गया है।
