रांची। लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित प्लाजा चौक के पास रविवार सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार कार और सेना के वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो युवतियों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सेना के वाहन का बायां हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की कार पुरुलिया रोड की ओर से तेज गति में आ रही थी। प्लाजा चौक के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और उसी समय जेल मोड़ की ओर मुड़ रहे सेना के वाहन से कार की सीधी टक्कर हो गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर और लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है, जबकि सेना वाहन को हटाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की वजह मान रही है। कार के आगे और पीछे अलग-अलग अस्थायी नंबर लगे होने के मामले की भी जांच की जा रही है।
