36.1 C
Kolkata
Saturday, June 6, 2026

टी-20 की कमान श्रेयस को, सूर्या का कटा पत्ता ,सूर्यवंशी बने टीम इंडिया में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एक नया इतिहास रच दिया है। आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे तथा एशियाई खेलों के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में चयनित होने के साथ ही वे राष्ट्रीय टीम के लिए चुने जाने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।

सचिन तेंदुलकर का 36 वर्ष पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त

वैभव सूर्यवंशी ने इस चयन के साथ ही 36 वर्ष पुराना वह रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जो क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था। सचिन तेंदुलकर ने वर्ष 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 वर्ष की आयु में भारत के लिए पदार्पण किया था और उनका यह रिकॉर्ड दशकों तक अटूट रहा था, जिसे अब बिहार के रहने वाले वैभव ने अपने नाम कर लिया है।

आईपीएल 2026 में मचाया जबरदस्त धमाल

वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए पूरे सत्र में अपना जबरदस्त दबदबा कायम रखा। उन्होंने लीग में शानदार प्रदर्शन की बदौलत सर्वाधिक मूल्यवान खिलाड़ी (MVP), सत्र के उभरते खिलाड़ी (इमर्जिंग प्लेयर), सर्वश्रेष्ठ प्रहारक (बेस्ट स्ट्राइकर), सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी (ऑरेंज कैप) और सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी जैसे कई बड़े सम्मान अपने नाम किए।

776 रन और रिकॉर्ड 72 छक्के

बाएं हाथ के इस 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज ने आईपीएल के पूरे सत्र में 776 रन बनाए और 237.30 की अद्भुत प्रहार दर (स्ट्राइक रेट) दर्ज की। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड 72 छक्के लगाए और कई पुराने आईपीएल रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने देश के शीर्ष स्तर के गेंदबाजी आक्रमणों के खिलाफ प्रभावशाली बल्लेबाजी करते हुए टी-20 क्रिकेट में नए मानक स्थापित किए हैं।

आगामी दौरों और एशियाई खेलों का शेड्यूल

भारतीय टीम 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ 2 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। इसके बाद 1 से 11 जुलाई तक इंग्लैंड दौरे पर 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला होगी। इसके बाद वर्ष 2026 के एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक टी-20 प्रारूप में आयोजित की जाएगी।

एशियाई खेलों में दिखेगा वैभव का जलवा

इस महाकुंभ में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, मलेशिया, हांगकांग और ओमान की टीमें स्वर्ण पदक के लिए आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता की शुरुआत 24 से 26 सितंबर तक प्रारंभिक चरण से होगी, जिसके बाद 28 एवं 29 सितंबर को क्वार्टर फाइनल, 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल तथा 3 अक्टूबर को कांस्य पदक और स्वर्ण पदक का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख