देवघर। सारठ प्रखंड के शहरजोरी स्थित ऑडिटोरियम हॉल में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पूर्व कृषि मंत्री रणधीर कुमार सिंह के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में सारठ विधानसभा क्षेत्र के 40 विद्यालयों के करीब 600 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
70 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों को मिला सम्मान
समारोह में वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वाले छात्र-छात्राएं क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे थे।
कार्यक्रम में एसपी माइंस चितरा कोलियरी के महाप्रबंधक मदन मोहन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सारठ में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का लक्ष्य
पूर्व कृषि मंत्री रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि उनका सपना सारठ विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना करना है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही यह सपना पूरा होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के आठवीं से 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा दी जा रही है। आने वाले समय में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
रणधीर सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों को राज्यपाल के हाथों सम्मानित कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही सारठ विधानसभा क्षेत्र को डिजिटल विधानसभा क्षेत्र बनाने का संकल्प भी पूरा किया जाएगा।
विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा बढ़ाने पर जोर
पूर्व मंत्री ने प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से अपील की कि जिन विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वे उनसे संपर्क करें। ऐसे विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षक उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्य अतिथि मदन मोहन कुमार ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रणधीर कुमार सिंह पिछले 12 वर्षों से लगातार इस आयोजन को कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कार, चरित्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिक बनने पर ध्यान देने की अपील की।
समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
