39 C
Kolkata
Tuesday, June 16, 2026

राज्यसभा चुनाव: एनडीए के पास 24 विधायक, परिमल नाथवानी की जीत के लिए भाजपा को 28 के ‘जादुई आंकड़े’ का भरोसा

हजारीबाग । झारखंड में आगामी 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव का मुकाबला बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है. निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी को एनडीए (NDA) का समर्थन मिलने के बाद सियासी सरगर्मी बढ़ गई है. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पास फिलहाल कुल 24 विधायकों का बल है, जबकि जीत के लिए 28 विधायकों के समर्थन की जरूरत है. इसके बावजूद भाजपा को पूरा भरोसा है कि नाथवानी आवश्यक आंकड़ा जुटाकर तीसरी बार झारखंड से राज्यसभा पहुंचेंगे.

एनडीए का गणित और नवीन जायसवाल का दावा

हजारीबाग पहुंचे भाजपा के मुख्य सचेतक सह हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने परिमल नाथवानी की उम्मीदवारी पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि नाथवानी भले ही निर्दलीय उम्मीदवार हैं, लेकिन वे पहले भी दो बार झारखंड का प्रतिनिधित्व राज्यसभा में कर चुके हैं. सूबे के विधायक और सांसद उनके काम करने के तरीके से अच्छी तरह वाकिफ हैं.

जायसवाल ने उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों की याद दिलाते हुए कहा:
“परिमल नाथवानी ने अपने फंड से हटिया स्थित मैनेजमेंट कॉलेज को 18 करोड़ रुपये दिए थे. उनके इसी ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए कई अन्य विधायक भी उन्हें अपना समर्थन देंगे.”

जब उनसे विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे हॉर्स ट्रेडिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) के आरोपों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि इस सवाल का जवाब कांग्रेस को देना चाहिए. कांग्रेस के पास महज 16 विधायक हैं, जबकि जीत के लिए 28 का आंकड़ा चाहिए. उन्होंने दावा किया कि चार से अधिक अन्य विधायकों का समर्थन परिमल नाथवानी को मिलना तय है.

विधानसभा में दलीय स्थिति और खाली सीटों का समीकरण

झारखंड विधानसभा में इस समय ‘INDIA’ गठबंधन के पास कुल 56 विधायकों का मजबूत बहुमत है. इसमें सहयोगी दलों की स्थिति इस प्रकार है:

  • झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM): 34 विधायक

  • कांग्रेस (Congress): 16 विधायक

  • राष्ट्रीय जनता दल (RJD): 04 विधायक

  • भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI): 02 विधायक

दूसरी तरफ, परिमल नाथवानी का समर्थन कर रहे एनडीए खेमे के पास 24 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 21, आजसू (AJSU) के 1, जनता दल यूनाइटेड (JDU) के 1 और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के 1 विधायक शामिल हैं.

किन सीटों पर हो रहा है चुनाव? राज्य की दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है. इनमें से एक सीट झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी, जबकि दूसरी सीट भाजपा सदस्य दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को समाप्त होने के कारण खाली हो रही है.

फिलहाल झामुमो की ओर से बैजनाथ राम मैदान में हैं और संख्या बल के आधार पर उनका राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है. वहीं, दूसरी सीट के लिए कांग्रेस से प्रणव झा भी रेस में हैं, लेकिन संख्या बल की खींचतान के चलते उनकी राह आसान नहीं दिख रही है. 18 जून को होने वाली वोटिंग के बाद ही साफ हो पाएगा कि ऊंट किस करवट बैठता है.

Related Articles

नवीनतम लेख