इंदौर । आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से हटाने और देश में उसका मजबूत विकल्प बनने की क्षमता केवल ‘आप’ में है। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा जहां हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती है, वहीं आम आदमी पार्टी बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महंगाई जैसे जनता के मूलभूत मुद्दों पर काम करती है।
संजय सिंह सोमवार शाम को इंदौर के आनंद मोहन माथुर सभागृह में आयोजित आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश के राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं पदग्रहण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, शहीद भगत सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
केंद्र सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब एक राष्ट्रीय पार्टी बन चुकी है और इसके समर्पित कार्यकर्ता देश के हर कोने में मौजूद हैं। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार आम जनता के हितों की अनदेखी कर अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने देश की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय मामलों को लेकर भी केंद्र सरकार की कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल खड़े किए।
प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं की रही मौजूदगी
इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में मध्य प्रदेश के प्रभारी और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश सह-प्रभारी व दिल्ली के पूर्व विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी और जय भगवान उपकार ने भी शिरकत की।
इनके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष कमल गुप्ता, संगठन मंत्री अनुराग यादव सहित इंदौर जोन के पदाधिकारी मुकेश उपाध्याय, दीपिका सिंह, कासिफ खान, नजमा खान, कमलेश मालवीय, प्रहलाद तंवर (कसरावद), जयंत गुप्ता (खरगौन), रियाज खोकर (बुरहानपुर) और जिला अध्यक्ष संदीप शर्मा (इंदौर), कैलाश रोकड़े (खरगौन), मल्लिका देवनाथ (खंडवा) व शालीन शालीमार (बुरहानपुर) सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
