कोलकाता । विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद बंगाल की राजनीति में हलचल तेज है। उत्तर 24 परगना की हाई-प्रोफाइल बैरकपुर सीट से हार का सामना करने के बाद, तृणमूल कांग्रेस के निवर्तमान विधायक और प्रख्यात फिल्म निर्माता राज चक्रवर्ती ने राजनीति से सन्यास लेने की घोषणा कर दी है। गुरुवार रात उन्होंने सोशल मीडिया पर सिलसिलेवार तीन पोस्ट साझा कर अपने इस फैसले की जानकारी दी।
राज चक्रवर्ती ने अपनी पोस्ट में भावुक होते हुए लिखा कि उन्होंने जीवन में मिली हर जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाया है। उन्होंने कहा, “2021 में मुझे विधायक के तौर पर जनता की सेवा करने का मौका मिला था। पिछले पांच वर्षों तक मैंने अपना कर्तव्य पूरी निष्ठा से निभाया, लेकिन अब 2026 में यह अध्याय समाप्त हो रहा है और इसके साथ ही मेरा राजनीतिक सफर भी थम जाएगा।”
नई सरकार को दी शुभकामनाएं
अपने तीसरे पोस्ट में राज चक्रवर्ती ने राज्य की आगामी राजनीतिक व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि बंगाल की जनता ने अपना जनादेश दे दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। गौरतलब है कि बंगाल में 9 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होना है।
हार के बाद झेलना पड़ा था जनता का आक्रोश
बैरकपुर सीट पर हुए कड़े मुकाबले में भाजपा के कौस्तब बागची ने राज चक्रवर्ती को शिकस्त दी है। मतगणना के दिन काउंटिंग सेंटर से बाहर निकलते समय राज चक्रवर्ती को भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। उत्तेजित भीड़ ने न केवल उनके खिलाफ नारेबाजी की, बल्कि उन पर कीचड़ भी फेंका गया था। माना जा रहा है कि इस घटना और चुनावी हार ने उन्हें सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने पर मजबूर कर दिया है।

