32.8 C
Kolkata
Monday, August 3, 2026

सावन के पहले सोमवार शिवालयों में उमड़ी आस्था, महाकाल से ओंकारेश्वर तक भक्तों की भारी भीड़

भोपाल। सावन माह के पहले सोमवार पर मध्य प्रदेश शिवमय हो उठा। राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश के शिवालयों में सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही भगवान शिव के जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। भक्तों ने जल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।

भोपाल के भोजपुर शिव मंदिर, गुफा मंदिर, बड़ महादेव और पशुपतिनाथ मंदिर सहित प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें भीड़ प्रबंधन में जुटी रहीं।

उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के बाद हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। शाम को भगवान महाकाल चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में पहली शाही सवारी के लिए नगर भ्रमण पर निकलेंगे।

दमोह के बांदकपुर जागेश्वर धाम में सुबह चार बजे पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह आठ बजे तक करीब 10 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। मंदिर परिसर में 150 से अधिक पुलिसकर्मी और 60 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के जरिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

खजुराहो के प्राचीन मतंगेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, दूध, दही, शहद और जल से भगवान शिव का अभिषेक किया। ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं ने पारंपरिक लमटेरा गीत गाकर भक्ति का अनूठा माहौल बनाया।

टीकमगढ़ के कुंडेश्वर शिवधाम में पहले सावन सोमवार पर 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात डायवर्ट कर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।

वहीं, ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग में पारंपरिक सवारी निकाली जाएगी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन के बाद दोनों सवारियां नगर भ्रमण करेंगी, जहां श्रद्धालु भव्य स्वागत करेंगे।

प्रदेश के सभी प्रमुख शिवधामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल, चिकित्सा सहायता, सीसीटीवी निगरानी, साफ-सफाई और दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख