32.8 C
Kolkata
Monday, August 3, 2026

रोटरी क्लब की नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी, ‘प्रोजेक्ट वात्सल्य’ पर रहेगा फोकस

कानपुर। रोटरी क्लब ऑफ कानपुर गौरव (आरसीकेजी) के 15वें पदस्थापना समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी ने कार्यभार संभाल लिया। नवनियुक्त अध्यक्ष रोटेरियन निल्या चावला ने कहा कि क्लब समाज सेवा के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और ‘प्रोजेक्ट वात्सल्य’ के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित जरूरतमंद बच्चों के इलाज में विशेष सहयोग किया जाएगा।

सिविल लाइंस स्थित मर्चेंट्स चैंबर में आयोजित समारोह में रोटेरियन निल्या चावला ने अध्यक्ष और रोटेरियन देव केसरवानी ने सचिव पद की जिम्मेदारी ग्रहण की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वृंदावन से पधारी आध्यात्मिक गुरु भगवत विदूषी कीर्ति किशोरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म बताते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए सभी को प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3110 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन जसबीर सिंह भाटिया ने क्लब के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए नई कार्यकारिणी से दीर्घकालिक प्रभाव वाली सेवा परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने और रोटेरियनों के बीच व्यावसायिक नेटवर्किंग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

समारोह में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नरों, शहर के उद्योगपतियों, समाजसेवियों और रोटरी परिवार के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन आकृति पांडेय और सीमा हरि ने किया। राष्ट्रगान, अतिथियों के सम्मान और प्रीतिभोज के साथ समारोह का समापन हुआ।

Related Articles

नवीनतम लेख