30.9 C
Kolkata
Wednesday, July 29, 2026

एक करोड़ का इनामी माओवादी मिसिर बेसरा गिरफ्तार, तीन एके-47 भी बरामद

धनबाद। झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के केंद्रीय कमेटी सदस्य और एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी मिसिर बेसरा उर्फ सागर दा को संयुक्त अभियान में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ संगठन के दो सक्रिय सदस्यों समेत कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। मिसिर बेसरा के खिलाफ झारखंड में 141 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जानकारी के अनुसार गिरिडीह-धनबाद सीमा क्षेत्र में चलाए गए विशेष नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बचने के लिए मिसिर बेसरा अपने चार सहयोगियों के साथ टाटा मैजिक वाहन से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सुरक्षा बलों ने धनबाद के बरवाअड्डा क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान टाटा मैजिक वाहन से तीन एके-47 राइफल भी बरामद की गईं।

गिरफ्तार लोगों में रीजनल कमेटी सदस्य तुम्बा मांझी, एरिया कमेटी सदस्य बिरेन हांसदा तथा मंगल मुर्मू और दिनेश राय भी शामिल हैं।

केंद्रीय और राज्य सुरक्षा एजेंसियां सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही हैं। झारखंड के आईजी (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को इनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की।

मिसिर बेसरा लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। वह झारखंड, बिहार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में सक्रिय रहा है। उस पर सुरक्षाबलों पर हमले, हत्या, लेवी वसूली और विस्फोट जैसी कई गंभीर वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख