कोडरमा। जिले के कोडरमा थाना क्षेत्र में रांची–पटना मुख्य मार्ग पर चाराडीह के पास मंगलवार देर रात एक स्कॉर्पियो का चलते-चलते चक्का निकल जाने से सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर वाहन डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, फुलवरिया निवासी फुलिया बिरहोर का परिवार चतरा में पुत्री के विवाह संबंधी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी स्कॉर्पियो से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान चाराडीह के समीप अचानक वाहन का चक्का निकल गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो डिवाइडर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत कोडरमा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों में सविता बिरहोर (15), देवेंद्र बिरहोर (35), मुनियता बिरहोरनी (20), अनिता बिरहोरनी (40) और फुलिया बिरहोरनी (50) शामिल हैं। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है।
